राजनांदगांव। जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के चौथना गांव में अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर मां और बेटे की हत्या कर दी, जबकि परिवार की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। इस दोहरे हत्याकांड के बाद गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, चौथना गांव निवासी कमला सोनकर और उनके बेटे पर घर के भीतर जानलेवा हमला किया गया। हमले में दोनों की मौत हो गई। वहीं, कमला सोनकर की बेटी ममता सोनकर भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय कमला सोनकर का पति घर पर मौजूद नहीं था। इसी दौरान घर में घुसकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। एक ही परिवार के दो लोगों की मौत और युवती के गंभीर रूप से घायल होने से क्षेत्र में भय का माहौल है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोहरे हत्याकांड के पीछे पारिवारिक रंजिश होने की आशंका जताई जा रही है। घटना में परिवार के ही एक रिश्तेदार की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। हालांकि, आरोपी की संलिप्तता और हत्या के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।